हनुमानगढ़। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी और राजस्थान कुश्ती संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजीव दत्ता एक दिवसीय हनुमानगढ़ दौरे के दौरान गुरुवार को श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में पहुंचे। विश्वविद्यालय आगमन पर उनका भव्य स्वागत आर्मी बैंड-स्काउट परेड, घोड़ों और ध्वजों के साथ परंपरागत रूप से किया गया। शिष्टाचार भेंट के दौरान श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबू लाल जुनेजा, यूनिवर्सिटी चेयरपर्सन और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी चेयरमैन दिनेश जुनेजा, रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला ने राजीव दत्ता को पगड़ी, मोती माला, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। अभिनन्दन कार्यक्रम के दौरान राजस्थान कुश्ती संघ प्रदेशाध्यक्ष राजीव दत्ता ने यूनिवर्सिटी की एजुकेशन और स्पोर्ट्स गतिविधियों के साथ - साथ गत दिनों आयोजित हुए विशाल कृषि मेले के बारे जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को खेल स्पर्धाओं में ज्यादा से ज्यादा हिस्सा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। जो व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक सुदृढ़ता और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। प्रतिस्पर्धा व्यक्ति को अनुशासन, समय-प्रबंधन, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का पाठ पढ़ाती है इसलिए उनमें शामिल होतेेे रहना चाहिए। दत्ता ने कहा कि काम दायित्वों के साथ-साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी सराहनीय है और यह संतुलित जीवनशैली का प्रतीक है। खेलों से टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द की भावना मजबूत होती है, जिससे कार्यस्थल पर भी समन्वय और कार्यकुशलता बढ़ती है। उन्होंने युवा विद्यार्थियों, खिलाड़ियों को विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि वे खेल गतिविधियों में निरंतर भाग लें, क्योंकि इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। मूल रूप से कोटा निवासी दत्ता ने कुश्ती खेल पर भी व्यक्तव्य देते हुए कहां कि कुश्ती हमारे देश की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, और अब समय आ गया है कि राजस्थान में भी इसे हरियाणा जैसी पहचान दिलाई जाए। राज्य के होनहार पहलवानों को उचित सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए आधुनिक अखाड़ों, प्रशिक्षण केंद्रों और कुश्ती हॉल की व्यवस्थाएं के लिए लगातार प्रयासरत है जिससे युवा प्रतिभाएं निखरकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें। ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने अभिनंदन, स्वागत करते हुए उपस्थित आमजन, विद्यार्थियों, खिलाड़ियो को दत्ता का परिचय देते हुए कहां कि वे वर्ष 2003 के आरपीएस अधिकारी हैं। लंबे समय तक आबकारी विभाग में रहे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद जब ओम बिरला लोकसभा अध्यक्ष बने थे। तब राजीव दत्ता को उनका विशेषाधिकारी बनाया गया। बिरला दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बने तब भी राजीव दत्ता को उनके ओएसडी की जिम्मेदारी मिली। बड़े पद पर होने के साथ अब वे राजस्थान की कुश्ती को भी आगे लेकर सफलता की नई दिशाएं प्रदान कर रहे है। इनके नेतृत्व में राजस्थान कुश्ती संघ सफलताओं के निरंतर सोपान चढ़ रहा है। कुश्ती की बड़ी प्रतियोगिताओं में राज्य के पहलवान पदक जीत रहे है। राजीव दत्ता ने यूनिवर्सिटी परिसर में ऑर्गेनिक शहद प्रोसेसिंग यूनिट, श्री खुशाल दास मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, वागभट्ट वैलनेस आयुष हॉस्पिटल, एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट सहित गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल का भ्रमण किया। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील गोदारा, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, डबलीराठान सरपंच जगतार सिंह बराड़, समाजसेवी अशोक गाबा, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव रामनिवास मांडण, सोसाइटी सदस्य भारतेंदु सैनी और एडवोकेट नितिन छाबड़ा आदि मौजूद रहे।