उदयपुर। शब्दों में भावनाएं, आवाज में एहसास और हर प्रस्तुति में जिंदगी के अलग-अलग रंग।

कुछ ऐसा ही रचनात्मक माहौल देखने को मिला बीसीआई उत्सव और द सोलफुल टेल्स की ओर से आयोजित ‘जज़्बात 4.0 ओपन माइक’ में। पुलां, भुवाणा स्थित धारा कैफे में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में इंडियन सिंगल माल्ट बैंड के फाउंडर नीरज ग्वालानी और असद सिद्दीकी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम में किसी ने अपनी लिखी कविता के जरिए दिल की बात कही, तो किसी ने शायरी और कहानी के माध्यम से अपने अनुभवों, संवेदनाओं और जीवन से जुड़े एहसासों को मंच पर उतारा। संगीत और शब्दों की इस महफिल में हर प्रस्तुति ने अपनी अलग छाप छोड़ी और दर्शकों को भावनाओं से जुड़ने का अवसर दिया।

प्रतिभाओं को मंच देना ही जज़्बात का उद्देश्य : मुकेश माधवानी बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि बीसीआई का उद्देश्य बिजनेस नेटवर्किंग के साथ समाज में कला, साहित्य, संगीत और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करना है।

‘जज़्बात 4.0’ इसी दिशा में एक सार्थक पहल है, जो लोगों को अपनी प्रतिभा और भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संवाद और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

बीसीआई उत्सव के प्रेसिडेंट संजीव पटवा ने कहा कि बीसीआई उत्सव निरंतर ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रयासरत है, जो लोगों को आपस में जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने का माध्यम बनें। ‘जज़्बात 4.0’ में प्रतिभागियों का उत्साह और उनकी प्रस्तुतियां इस पहल की सार्थकता को दर्शाती हैं।

द सोलफुल टेल्स के फाउंडर दिग्विजय राजक ने कहा कि ‘जज़्बात’ का मूल उद्देश्य हर व्यक्ति को ऐसा मंच देना है, जहां वह बिना किसी झिझक के अपनी बात कह सके। कई बार वे भावनाएं, जिन्हें सामान्य बातचीत में व्यक्त करना मुश्किल होता है, कविता, कहानी, शायरी और संगीत के माध्यम से सहजता से सामने आती हैं। इस आयोजन के जरिए प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता साझा करने और श्रोताओं से भावनात्मक जुड़ाव बनाने का अवसर मिला।