उदयपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला मुख्यालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय हरित कोर (नेशनल ग्रीन कोर) योजना के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रकृति अध्ययन शिविर का समापन सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में कमांडर बृजेश कुमार मिश्रा, कमांडिंग ऑफिसर मुख्य अतिथि तथा शैलेन्द्र सिंह (एचए- 3) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।सीओ स्काउट सुनील कुमार सोनी ने शिविर के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना, प्रकृति के साथ जुड़ाव स्थापित करना तथा जैव विविधता के संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है।
ऐसे शिविर विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्रकृति के महत्व को समझने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।मुख्य अतिथि कमांडर बृजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि उदयपुर प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र है तथा इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों और युवाओं में अनुशासन, सेवा, संस्कार तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला है।
उन्होंने सभी से स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।हाइक एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति का अध्ययनजिला प्रशिक्षण आयुक्त अंजना शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान जल, जंगल एवं जमीन के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, जैव विविधता, औषधीय पौधों की पहचान, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार सहित विभिन्न विषयों पर गतिविधियां आयोजित की गईं।
प्रतिभागियों ने ट्रैकिंग, पोस्टर एवं नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रकृति अध्ययन के अंतर्गत झामेश्वर महादेव तक हाइक का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को प्राकृतिक परिवेश को नजदीक से जानने और समझने का अवसर मिला।
शिविर में सभी संभागियों को नेचर स्टडी किट का वितरण भी किया गया।