बांसवाड़ा / शहर के सिंहवाव स्थित श्री कपिल केदारेश्वर महादेव मन्दिर में सर्वसमाज के सहयोग से चल रही सप्ताह भर की श्री शिव महापुराण कथा के अन्तर्गत पांचवे दिन सोमवार रात गणेश जन्म एवं विवाहोत्सव की कथा एवं झांकी में श्रद्धालुओं का ज्वार उमड़ आया।

इस दौरान् व्यासपीठ से कथा करते हुए कथाव्यास संत श्री प्रेमसागर जी महाराज (मन्दसौर) ने शिवपुराण के विभिन्न प्रसंगों पर कथाओं और अन्तर्कथाओं का श्रवण कराते हुए शिवभक्ति की महिमा का बखान किया।

धर्म जागरण यात्रा के संयोजक एवं धर्म प्रचारक अलंकरण से सम्मानित तेजु महाराज (रतलाम वाले) के सान्निध्य में आयोजित कथा में सोमवार रात गणेश जन्मोत्सव एवं गणेश विवाह तथा ऋद्धि-सिद्धि की मनोहारी झांकी के साथ विनायक स्तुति एवं गणेश महिमा के विभिन्न उद्धरणों को प्रस्तुत किया गया।

कथा के दौरान् सुमधुर भजन-कीर्तनों पर श्रद्धालु झूम उठे। वाद्यों पर संगत वादक कलाकार कैलाशचन्द्र गोयल ने की। महाआरती में बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया और गणेश परिवार तथा शिवमहापुराण की आरती उतारी।

 

कथा समापन बुधवार रात

इससे पूर्व विधि-विधान से कपिल गणेश, केदारेश्वर महादेव तथा देवी-देवताओं के अन्य स्थापित श्रीविग्रहों की पूजा-अर्चना की गई। श्री शिव महापुराण कथा के अंतिम दिन 6 मई, बुधवार को शाम 7 बजे कथा शुरू होगी और रात्रि 10 बजे कथा की पूर्णाहुति होगी।

Source: