उदयपुर | नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, सिटी पैलेस, उदयपुर की कक्षा 11 की चार छात्राओं की टीम ‘कार्बन कटर्स’ ने प्रतिष्ठित चैलेंज की एनर्जी सॉल्यूशंस श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड प्राप्त कर विद्यालय एवं मेवाड़ का गौरव बढ़ाया है।

जेमिनी पूर्बिया, स्वरा जैन, दृष्टि चित्रोल और जूही मेहता की टीम को यह सम्मान उनके अभिनव प्रोजेक्ट ‘बडी बस : हर स्कूल के लिए एक बस’ के लिए मिला। इस परियोजना में साझा परिवहन और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर आधारित एक व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत किया गया है, जिसका उद्देश्य वाहनों की संख्या, ईंधन खपत और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर स्कूल परिवहन को अधिक टिकाऊ बनाना है।

इस चैलेंज में विद्यालय की तीन टीमों सहित कुल 31 टीमों ने ऊर्जा समाधान, अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़े नवाचार प्रस्तुत किए। ‘धारासेतु’ टीम में सार्थक वैष्णव, हिमाक्षी पारख एवं वंश तलेसरा तथा ‘लेक रिवाइवल’ टीम में आद्या शर्मा एवं इरम जयपुरी शामिल थीं। इन टीमों ने भी प्रभावशाली सहभागिता दर्ज की।

‘कार्बन कटर्स’ टीम को वर्कस्पेस डिजाइन स्टूडियो के प्रिंसिपल आर्किटेक्ट श्री सुनील एस. लढ्ढा का विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिला, जबकि तीनों टीमों का समन्वय एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन पीजीटी (जीव विज्ञान) डॉ. कुसुम लता सोनी ने किया। विद्यार्थियों ने मई माह से ही शोध, विशेषज्ञों से संवाद और हितधारकों के सुझावों के माध्यम से अपनी परियोजनाओं को विकसित किया।

विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भविष्य में सतत एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों में नवाचार और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

यह उपलब्धि विद्यार्थियों के परिश्रम, मार्गदर्शकों के सहयोग और विद्यालय की नवाचार एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरक प्रमाण है।