उदयपुर। तारा संस्थान द्वारा हिरण मगरी सेक्टर-14 में संचालित माँ द्रौपदी देवी तारा वृद्धाश्रम में रॉकवुड स्कूल के एनसीसी के तीनों विंग – आर्मी, नेवल एवं एयर विंग के करीब 75 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम के आवासियों के साथ गीत-संगीत का आनंद लिया और उनसे आत्मीय मुलाकात कर उनके हालचाल जाने।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के साथ बातचीत की और उनके अनुभवों
को सुना। वहीं वृद्धाश्रम के आवासियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी पसंद के गीत गाकर
विद्यार्थियों के साथ खुशियों के पल साझा किए। गीत-संगीत से सजे इस कार्यक्रम में
बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह देखने को मिला।
विद्यार्थी अपने साथ वृद्धाश्रम के आवासियों के लिए विभिन्न बेकरी आइटम एवं फल
भी लेकर आए और उन्हें भेंट किए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं
शिक्षकों को वृद्धाश्रम का भ्रमण करवाया गया तथा संस्थान द्वारा बुजुर्गों को
उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में तारा वृद्धाश्रम से
राजकुमार मेघवाल, सतीश कलाल, रेखा एवं शैलेश बक्षी जी का योगदान रहा ।
इस आत्मीय मुलाकात ने विद्यार्थियों को बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव का संदेश दिया।