महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने किया पोस्टर विमोचन

बांसवाड़ा/ प्राचीन एवं ऐतिहासिक सिद्ध तपोभूमि लालीवाव मठ में स्थापित होने जा रहे सामुदायिक भवन (गौशाला) के लिए आगामी 01 जुलाई, बुधवार को प्रातः 7.30 बजे आयोजित भूमि पूजन समारोह को लेकर जारी पोस्टर का विमोचन लालीवाव पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने किया।

लालीवाव मठ में शुक्रवार को आयोजित समारोह में महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने भूमि पूजन निमंत्रण के लिए दो पोस्टर्स का विमोचन किया और इसे व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जारी किया। लालीवाव मठ के प्रधान देवता भगवान श्री पद्मनाभ की विशेष पूजा-अर्चना के बाद गौमाता के जयकारों के बीच इसका विमोचन हुआ।

इस अवसर पर शैलेन्द्र भट्ट, मनीष एन. त्रिवेदी, सुधीर चैबीसा, रामशंकर जोशी, विमल भट्ट, मनोहर जोशी, विपीन भट्ट, सौरभ रावल, जीतेश शर्मा, ललित आचार्य, अनिल पण्ड्या, प्रदीप सोनी सहित लालीवाव मठ के भक्त एवं शिष्य, विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के पदाधिकारीगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

आदर्श गौशाला की अभिनव पहल

विमोचन समारोह में अपने उद्बोधन में लालीवाव पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने लालीवाव मठ में निर्मित होने जा रही गौशाला को गौसेवा एवं गौपालन की दृष्टि से आदर्श एवं अनुकरणीय पहल बताया और कहा कि विभिन्न संस्थाओं, समाजों, संगठनों, गौभक्तों आदि के सहयोग से इस भव्य संरचना का निर्माण कराया जाएगा।

प्राकृतिक रमणीयता के लिए ठोस प्रयास

उन्होंने बताया कि भूमि पूजन समारोह के बाद व्यापक पैमाने पर पौधारोपण अभियान का आरंभ किया जाएगा तथा समूचे विस्तृत परिक्षेत्र को हरीतिमा से नैसर्गिक सौन्दर्य से भरा-पूरा बनाया जाएगा।

इसके बाद भूमि पूजन समारोह की तैयारियों को लेकर महामण्डलेश्वर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अब तक की तैयारियों की समीक्षा कर आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। 

Source: