उदयपुर। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, उदयपुर के तत्वावधान में वार्षिक राजभाषा समारोह 2025–26 एवं भव्य कवि सम्मेलन का सफल आयोजन शुक्रवार को क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर के शास्त्री सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार के कार्यालयों एवं उपक्रमों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना तथा राजभाषा के प्रति जागरूकता का विस्तार करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत संचार निगम लिमिटेड के प्रधान महाप्रबंधक एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष श्री हरिप्रसाद मीणा ने की। इस अवसर पर मंच पर उद्घोषणा संबंधित कार्रवाई श्री गिरिराज पालीवाल, सचिव नराकास ने की। विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों, बैंकों और बीमा संस्थानों के कार्यालय प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
वार्षिक समारोह में केन्द्रीय कार्यालयों की श्रेणी में क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर को प्रथम, भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण, पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र, उदयपुर को द्वितीय, उदयपुर सौर वेधशाला को तृतीय तथा आयकर विभाग, उदयपुर एवं खान सुरक्षा महानिदेशालय, उदयपुर को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
उपक्रम श्रेणी के अंतर्गत बीईएमएल, उदयपुर को प्रथम, भारत संचार निगम लिमिटेड को द्वितीय, कर्मचारी राज्य बीमा निगम को तृतीय तथा केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक- 1 एवं केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक- 2 को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए।
बैंक और उपक्रम श्रेणी में भारतीय जीवन बीमा निगम को प्रथम, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को द्वितीय, केनरा बैंक को तृतीय, पंजाब नेशनल बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह के अंतर्गत आयोजित कवि सम्मेलन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसमें प्रसिद्ध कवियों सुनील व्यास, मनोज गुर्जर, दीपिका माही और लोकेश महाकाली ने अपनी ओजपूर्ण, हास्य एवं भावपूर्ण कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रसिद्ध सूत्रधार कवि राव अजातशत्रु ने किया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया तथा इसे जनसंपर्क और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बताया। कार्यक्रम के आयोजक क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, बी ई एम एल लिमिटेड, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय, केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय तथा भारतीय जीवन बीमा निगम, मंडल कार्यालय रहे। अंत में क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर के कार्यालय प्रमुख, प्राचार्य श्री जय प्रकाश ने नराकास अध्यक्ष एवं सदस्य कार्यालयों के कार्यालयाध्यक्षों, अतिथियों, प्रतिभागियों, कवियों और उपस्थित श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम समाप्ति पर प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए स्नेहभोज की व्यवस्था भी रही। कार्यक्रम पूरे समय उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह में उपस्थित प्रमुख राजभाषा अधिकारियों में श्री मुकेश कुमार जांगिड़ तथा श्री खेम राज गाडरी (क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, उदयपुर) श्री अजय चौधरी (भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण, उदयपुर), सुश्री निधि (बीईएमएल), श्री गिरिराज पालीवाल (भारत संचार निगम लिमिटेड), श्री प्रदीप गुणावत (कर्मचारी राज्य बीमा निगम), श्री अनुराग सिहरा (केंद्रीय विद्यालय क्रमांक–1) तथा डॉ. सोनल शर्मा (केंद्रीय विद्यालय क्रमांक–2) शामिल रहे।
उपक्रम श्रेणी में सुश्री राजश्री (भारतीय जीवन बीमा निगम), श्री दीपक कुमार वर्मा (यूनियन बैंक ऑफ इंडिया), श्री भोम सिंह भाटी (केनरा बैंक), श्री मोहन लाल जैमिनी (पंजाब नेशनल बैंक) तथा श्री कृष्ण कुमार राय (बैंक ऑफ बड़ौदा) की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
Source: