जैसलमेर। जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विजय स्तंभ से अमरसागर चौराहे तक सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त मार्ग पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्य करें। उन्होंने सड़क संकेतकों, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, पैदल पार पथ एवं सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही ट्रैफिक सेंस एवं नियमों के पालन के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी एवं समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही, बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सुरेन्द्र मोहन वर्मा, नगर परिषद, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source: