जैसलमेर। ग्राम पंचायत कोलूतला (पंचायत समिति सम) में ग्रामीण सेवा शिविर - 2025 का आयोजन विकास अधिकारी किशन सिंह के निर्देशन में किया गया। अतिरिक्त विकास अधिकारी गणपतलाल बोरावट ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
शिविर में ग्रामीणों को राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत करवाकर लाभान्वित किया गया। विशेष रूप से मोहम्मद खां के परिवार के चार सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय संबल योजना का लाभ भी प्राप्त हुआ लाभार्थी ने राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजनाएँ उनके परिवार के लिए किसी सहारे से कम नहीं हैं।
इसके अतिरिक्त, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, चिकित्सा, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास तथा कृषि विभाग के माध्यम से अनेक ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिला।
शिविर के दौरान “स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गाँव में सफाई अभियान चलाया गया। शिविर प्रभारी, सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्रामीणों ने मिलकर हाथों-हाथ जगह-जगह फैली गंदगी को साफ किया।
ग्रामीणों ने कहा कि यह शिविर हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है—हमें गंदगी और अतिक्रमण से निजात के साथ-साथ स्वास्थ्य व कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिला।
Source: