जैसलमेर,राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2025 के तहत ग्राम पंचायत मंडाई में आयोजित शिविर का जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर का मूल उद्देश्य गांव-गांव में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुँचाना है। संबंधित विभागीय अधिकारी आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।
जिला कलक्टर ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं व सुविधाओं की जानकारी ली एवं ग्रामीणों की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं को सराहनीय बताते हुए अधिकारियों को आमजन से संवाद की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी शिविर में अपनी संतुष्टि प्रकट की। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से पेंशन, आवास, शिक्षा, बिजली-पानी से जुड़े मामलों सहित विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही स्थान पर मिलने से समय और संसाधनों की बचत हो रही है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविरों से उन्हें वास्तविक रूप से राहत एवं सुविधाएँ प्राप्त हो रही हैं। साथ ही, इस अवसर पर जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत मंडाई परिसर में पौधारोपण कर प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
---000
Source: