जैसलमेर । मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार जिले में लिंगानुपात बढ़ाने एवं महिला मतदाता सहभागिता सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 10 जनवरी 2026 को जैसलमेर जिले के प्रत्येक मतदान केन्द्र पर महिला क्लस्टर कैम्पों का आयोजन किया जाएगा।

     मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला स्वीप प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी रश्मि रानी ने बताया कि इन कैम्पों में विशेष रूप से महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे मतदाता सूची में पंजीकरण कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभा सकें।

     जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) जैसलमेर के आदेशानुसार इन कैम्पों के आयोजन की जिम्मेदारी आयुक्त नगर परिषद जैसलमेर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पोकरण एवं जिले की समस्त पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को सौंपी गई है। कैम्पों के सफल संचालन में सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, ग्राम विकास अधिकारी, नगर निकाय कार्मिक, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं अन्य सुपरवाइजर सहयोग प्रदान करेंगे।

     विधानसभा वार संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) इन कैम्पों के पर्यवेक्षण अधिकारी रहेंगे।

    स्वीप समन्वयक प्रमोद कुमार व्यास ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार कैम्पों के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी।

     उन्होंने बताया कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए कैम्पों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी द्वारा आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। पात्र महिलाएं आवेदन के साथ फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं माता-पिता का पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। साथ ही, निर्देश दिए गए हैं कि यह सुनिश्चित किया जाए कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाला कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।

 

    यह पहल न केवल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देगी, बल्कि जिले में लिंगानुपात सुधार एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Source: