जैसलमेर । राज्य सरकार के निर्देशों पर जिले में प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर बसंत पंचमी, 23 जनवरी से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलक्टर प्रतापसिंह ने शिविरों के सफल आयोजन एवं शिविर के दौरान किए जाने वाले कार्यो के सम्बन्ध में अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सोंपे है।

      निर्धारित शिविर कार्यक्रमानुसार 23 जनवरी को गिरदावर सर्किल चांधन, रामदेवरा, मोढ़ा, भणियांणा एवं खुईयाला में विशेष शिविर आयोजित होंगे। वहीं 24 जनवरी को मोहनगढ़, सांकड़ा, फतेहगढ़, भिखोड़ाई जून व शाहगढ़ तथा 25 जनवरी को गिरदावर सर्किल थईयात, खेतोलाई व खुहड़ी में विशेष शिविर आयोजित होंगे।

      जिला कलक्टर द्वारा जारी आदेशानुसार मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद को शिविर में पीएम आवास योजनान्तर्गत निर्मित आवासों का गृह प्रवेश एवं चाबी सुपर्दगी, वीबी-जीराम जी योजना का प्रचार-प्रचार, दीनदयाल उपाध्याय योजना का सर्वे कार्य पूर्ण करना, स्वामित्व कार्ड वितरण, अनुपयोगी विद्यालय भवन में नई स्वीकृत ग्राम पंचायत का कार्यालय प्रारम्भ करना के कार्य सोंपे है। इसी प्रकार संयुक्त निदेशक कृषि एवं उद्यान को तारबंदी, डिग्गी, पाईप लाईन, फार्म पोंड, फंव्वारा, ड्रिप, सौर पंम्प यंत्र की स्वीकृति, बैलों से खेत जोतने पर 30 हजार प्रोत्साहन राशि की स्वीकृति, सौलर पंप आवेदन तैयार करना, सॉयल हैल्थ कार्ड वितरण, पॉली हाउस से वंचित प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक आवेदन-पत्र तैयार करना, मिनी किट एवं बीज वितरण का सत्यापन करना, मुख्यमंत्री कृषक साथी योजनान्तर्गत प्राप्त आवेदन-पत्रों का निस्तारण, फसल बीमा एवं कृषि योजनाओं की जानकारी के कार्य सोंपे है।

       इसी प्रकार प्रबंध निदेशक सहकारिता को किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन प्राप्त करना, नवीन गौदाम के आवेदन तैयार करना, स्वयं सहायता समूहों के ऋण आवेदन ,कृषि/गैर कृषि के 5 प्रतिशत अनुदान योजना के आवेदन तैयार करवाना, नए कस्टम हॉयरिंग सेंटर के आवेदन तैयार कराने के कार्य सोंपे है। संयुक्त निदेशक पशुपालन को शिविरों में मुख्यमंत्री मंगला पशुबीमा योजना के तहत पशुपालकों का पंजीकरण एवं स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जारी करना, पशुओं का उपचार एवं कृमिनाशक औषधी पिलाना, फर्टिलीटी कीट वितरण के कार्य सोंपे है। इसी प्रकार प्रबंध संचालक जैसलमेर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. जैसलमेर को शिविर में पीडीसीएस, डीसीएस का पंजीयन, नवीन सदस्यता, सरस बूथ आवंटन एवं मार्ट्स का आवंटन के कार्य सोंपे है।

      जिला कलक्टर ने इन सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिविरों के सम्बन्ध में जो कार्य उन्हें सोंपे गए हैं उनको पूर्ण जिम्मेदारी के साथ सम्पादित करायें।

Source: