जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्राम उत्थान शिविर ग्रामीण किसानों के लिए राहत और विकास का सशक्त माध्यम बनते जा रहे हैं। इन्हीं शिविरों के माध्यम से ग्राम पंचायत छत्रेल में आयोजित शिविर में कृषक श्री दीपाराम पुत्र श्री हिम्मताराम, निवासी ग्राम तेजुवा को कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत 40,000 की अनुदान सहायता प्रदान की गई, जिससे उनकी फसल अब पूरी तरह सुरक्षित हो गई है।

      कृषक दीपाराम ने बताया कि वह मुख्य रूप से खेती पर निर्भर हैं, लेकिन लंबे समय से खेत में आवारा पशुओं के कारण फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। इससे उत्पादन घटता जा रहा था एवं आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। इसी दौरान कृषि पर्यवेक्षक द्वारा उन्हें तारबंदी योजना की जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने नजदीकी ई-मित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन किया।

      आवेदन स्वीकृत होने के पश्चात खेत की तारबंदी करवाई गई और त्वरित प्रक्रिया के तहत 40,000 की अनुदान राशि सीधे उन्हें प्राप्त हुई। तारबंदी के बाद अब फसल सुरक्षित है, उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और खेती से होने वाली आय पहले की तुलना में बेहतर हो गई है।

      कृषक दीपाराम ने इस योजना को किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कृषि विभाग, जिला प्रशासन, राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों में विश्वास और उत्साह बढ़ रहा है।                

Source: