जैसलमेर। जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने मोकला गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याओं को धैर्यपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त परिवादों का नियमानुसार उचित एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान उन्होंने प्रत्येक परिवादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मौके पर ही अधिकारियों से जानकारी ली एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार पंक्ति में अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से जिले, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर नियमित रूप से जनसुनवाई एवं रात्रि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन की समस्याओं का उनके द्वार पर ही प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
रात्रि चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं मांगों पर आवश्यक कार्यवाही की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव स्तर पर पहुंचकर समस्याएं सुनने एवं त्वरित समाधान की पहल की मुक्त कंठों से सराहना की एवं प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
Source: