जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम उत्थान शिविर-2026 के तहत शनिवार को पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत देवीकोट स्थित अटल सेवा केन्द्र में ग्राम उत्थान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के 11 अधिकारी एवं कार्मिकों ने भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए।
यह शिविर देवीकोट, रासला, कीता, छोड़, छोड़िया सहित आसपास की ढाणियों के ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं राहतदायी साबित हुआ। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया एवं विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं रखीं।
शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी, पंचायत समिति देवीकोट केवाराम ने बताया कि शिविर में प्रशासक श्रीमती सफियत, सहायक विकास अधिकारी रासाराम, संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. उमेश, आर.आई. सुगनसिंह, ग्राम पंचायत देवीकोट के कनिष्ठ सहायक कमलेश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देवीकोट निवासी अलूद खान पुत्र मक्के खान एवं केहर फकीर की ढाणी निवासी रसूल खान पुत्र लतीफ खान को स्वयं के गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी सुपुर्द की गई।
इस अवसर पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, राज्य सरकारएवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। साथ ही इस अवसर पर किसानों को मृदा परीक्षण कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें वैज्ञानिक खेती में सहायता मिलेगी।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, लाभार्थी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने ग्राम उत्थान शिविर को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का सशक्त माध्यम बताया।
Source: