जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम उत्थान शिविर-2026 के तहत पंचायत समिति सम की ग्राम पंचायत सोनू में रविवार को आयोजित ग्राम उत्थान शिविर ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभदायी एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त मंच साबित हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों के 11 अधिकारी एवं कार्मिकों ने भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए।
यह शिविर ग्राम सोनू, नेतसी, पूनमनगर, राघवा, कुछड़ी तथा हेमा सहित आसपास की ढाणियों के ग्रामीणों के लिए राहतदायी रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में उपस्थित होकर विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद किया एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी, पंचायत समिति सम गणपत लाल बोरावट ने बताया कि शिविर में प्रशासक प्रतिनिधि झबरसिंह, ग्राम विकास अधिकारी हिम्मताराम, भू-अभिलेख निरीक्षक श्रवणलाल सहित राजस्व, कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे एवं ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनू क्षेत्र के पांच आवासहीन लाभार्थी केशराराम पुत्र फकीराराम, कानाराम पुत्र हीराराम, बिरमाराम पुत्र छोटूराम, संतु कंवर पत्नी छोटूसिंह एवं रेखा कंवर पत्नी अमान सिंह को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी सुपुर्द की गई। लाभार्थियों ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
साथ ही किसानों को मृदा परीक्षण कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें वैज्ञानिक खेती अपनाने में सहायता मिलेगी। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, लाभार्थी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने ग्राम उत्थान शिविर को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का सफल माध्यम बताया।
Source: