जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम उत्थान शिविर-2026 के तहत पंचायत समिति नाचना की ग्राम पंचायत आसकन्द्रा में सोमवार को आयोजित ग्राम उत्थान शिविर ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभदायी साबित हुआ। शिविर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, योजनाओं की जानकारी एवं मौके पर ही लाभ प्रदान करने का प्रभावी मंच बना, जिससे ग्रामीणों में उत्साह एवं संतोष का माहौल देखने को मिला।
शिविर में विभिन्न विभागों के 11 अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया एवं पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया। शिविर में ग्राम आसकन्द्रा, अजासर, सत्याया, अवाय सहित आसपास की ढाणियों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभागीय अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।
शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी, पंचायत समिति नाचना चंदन सिंह ने बताया कि शिविर में प्रशासक हिम्मतसिंह, ग्राम विकास अधिकारी आसकन्द्रा ईश्वरसिंह सहित राजस्व, कृषि, पशुपालन एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने समन्वय के साथ ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं, योजनाओं की जानकारी एवं विभिन्न लाभ उपलब्ध कराए।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत आसकन्द्रा क्षेत्र के पांच आवासहीन लाभार्थी छोटूराम पुत्र प्रेमाराम, बुधाराम पुत्र पुंजाराम, गोकलराम पुत्र पुंजाराम, गंगा पत्नी डूंगरराम तथा लक्ष्मी पत्नी डूंगरराम को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी सुपुर्द की गई।
लाभार्थियों ने अपने सपनों का आशियाना मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
ग्राम उत्थान शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की इस पहल ने प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत किया है एवं ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान की है।
Source: