जैसलमेर। जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय रामदेवरा पशु मेले के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को जिला कलक्टर प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मेले संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. उमेश वरंगटीवार ने बताया कि यह पारंपरिक एवं ऐतिहासिक पशु मेला 24 फरवरी को झंडारोहण के साथ विधिवत रूप से प्रारंभ होगा। मेले के दौरान विभिन्न नस्लों एवं किस्मों के पशुओं की आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें उत्कृष्ट पशुओं एवं उनके पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से मेले को जनभागीदारी एवं मनोरंजन से परिपूर्ण बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय रामदेवरा पशु मेला न केवल पशुपालकों के लिए अपने पशुधन के प्रदर्शन एवं व्यापार का महत्वपूर्ण मंच है, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करने का माध्यम है। मेले में विजेता पशुपालकों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे पशुपालन क्षेत्र में नवाचार और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र सिंह तंवर, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र तंवर, रवि चौधरी, श्रीराम विश्नोई, मुकेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे एवं मेले को सफल, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन ने आमजन एवं पशुपालकों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर मेले को सफल बनाने का आह्वान किया है।
Source: