जैसलमेर ।  भारत सरकार नीति आयोग से प्राप्त निर्देशानुसार हाल ही में जैसलमेर जिले के आशान्वित ब्लॉक फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत फतेहगढ़ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बाल विकास, पोषण एवं वैज्ञानिक पद्धति से बच्चों की वृद्धि निगरानी के प्रति जागरूकता बढ़ावा देना रहा।

       कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र पर बच्चों का वजन एवं ऊँचाई (नाप-तोल) किया गया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों का सही तरीके से नाप-तोल करने की प्रक्रिया के बारे में व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही बच्चों की वृद्धि निगरानी एवं कुपोषण की पहचान संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।

        इस अवसर पर उपखंड अधिकारी भरत राज गुर्जर ने स्वच्छता, बच्चों के संतुलित खान-पान एवं स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी प्रदान की।

        फतेहगढ़ ब्लॉक की एबीपी फेलो ओमप्रकाश द्वारा मापन उपकरणों के सही उपयोग एवं नियमित ग्रोथ मॉनिटरिंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में महिला सुपरवाइजर , आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

        कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में बेहतरीन सुधार लाना और समुदाय में जागरूकता बढ़ाना रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह द्वारा सकारात्मक रूप से सराहा गया।          

Source: