जैसलमेर। जिले में घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों और भ्रांतियों के बीच जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने एवं उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने शुक्रवार को जैसलमेर स्थित इण्डेन गैस गोदाम खुहड़ी रोड एवं महेंद्र गैस सर्विस गोदाम मलका प्रोल का औचक निरीक्षण किया।

     निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने गोदामों में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक, बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत जांच की एवं संबंधित अधिकारियों तथा एजेंसी संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए एवं स्टॉक रजिस्टर व ऑनलाइन बुकिंग की ली जानकारी

     जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान एजेंसियों के स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच की तथा ऑनलाइन बुकिंग की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पेंडिंग बुकिंग और गैस सिलेंडरों की डिलीवरी प्रक्रिया को भी समझा।

     उन्होंने कहा कि तकनीक के इस दौर में उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के बाद लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए। एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा में गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

      कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

     जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि घरेलू एलपीजी गैस आमजन की अत्यंत आवश्यक सेवा है और इसके वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

     उन्होंने एजेंसी संचालकों को चेतावनी दी कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध वितरण का कोई भी मामला सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

      अफवाहों से बचने की अपील

     जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि वे गैस किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं गैस आपूर्ति में समस्या, ओवररेटिंग या अनावश्यक देरी जैसी कोई अनियमितता सामने आती है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा रसद विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

      उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आमजन कंट्रोल रूम नम्बर 02992-250082, पुलिस विभाग के आपातकालीन नम्बर 112 तथा खाद्य विभाग की हेल्पलाइन 1445 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति सुचारु एवं निर्बाध रूप से संचालित है और किसी भी उपभोक्ता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

      इस दौरान जिला रसद अधिकारी राम सिंह मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source: