जैसलमेर। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने की पहल के तहत जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने शनिवार रात्रि को ग्राम बरमसर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके शीघ्र और नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की शिकायतों के समाधान एवं जरूरतमंदों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपनी समस्याएं खुलकर प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि प्रशासन उनकी समस्याओं को समझते हुए त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर सके।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पानी एवं बिजली कनेक्शन, विद्युत आपूर्ति और वोल्टेज की समस्या, विद्युत कटौती, पेयजल संकट, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं, मार्ग खुलवाने, अवैध कब्जे, पट्टा संबंधी मामलों, अतिक्रमण हटाने एवं तारबंदी सहित विभिन्न मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
जिला कलक्टर ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही नियमानुसार कार्यवाही कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source: