जैसलमेर। राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र जैसलमेर द्वारा अखे प्रोल, फोर्ट जैसलमेर परिसर में आयोजित पाँच दिवसीय ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) प्रदर्शनी एवं मेले का रविवार को विधिवत शुभारम्भ जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मी रानी ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर शिल्पकारों व उद्यमियों से संवाद किया एवं स्थानीय उत्पादों की सराहना की।

        राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रदर्शनी 15 से 19 मार्च तक अखे प्रोल, फोर्ट जैसलमेर में आयोजित की जा रही है। मेले में जिले के ओडीओपी उत्पाद पीले पत्थर से निर्मित वस्तुएं एवं अन्य स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है, जिससे इन्हें व्यापक पहचान और बाजार उपलब्ध हो सके।

        इस अवसर पर विधायक छोटू सिंह भाटी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय शिल्पकारों, दस्तकारों और बुनकरों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने एवं नए बाजार से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे न केवल पारंपरिक कला को संरक्षण मिलता है बल्कि स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलता है।

        प्रदर्शनी में स्थानीय शिल्पियों द्वारा तैयार गोमट एवं थाट के पट्टू, बरड़ी, ऊनी शॉल, साड़ी, कुर्ते, पोकरण पॉटरी, हैंडीक्राफ्ट, एप्लिक व पैचवर्क सहित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों की आकर्षक स्टॉलें लगाई गई हैं। इन उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की बाजार में पहुँच भी सुदृढ़ होगी।

        कार्यक्रम के दौरान जैसलमेर भ्रमण पर आए आईएएस बैच 2025 के प्रशिक्षु अधिकारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं स्थानीय शिल्प और संस्कृति की सराहना की। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकसंगीत गायक जलाल खान द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी लोकगीतों ने वातावरण को सांस्कृतिक रंग से सराबोर कर दिया।

     इस अवसर पर पत्थर मिनरल व्यापार संघ के अध्यक्ष राधेश्याम कल्ला, सचिव लक्ष्मीनारायण श्रीमाली, हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि, पीले पत्थर उद्यमी उमाशंकर एवं आर्किटेक्ट रिया बिस्सा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

     जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें एवं आत्मनिर्भर भारत अभियान को सशक्त बनाने में अपना सहयोग दें।।

Source: