जैसलमेर। राजस्थान दिवस सप्ताह 2026 के अवसर पर बुधवार को उद्यमिता और औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से “उद्यमी संवाद” राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जयपुर में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का जिला स्तरीय लाइव प्रसारण जैसलमेर में डीओआईटी वीसी कक्ष में उत्साहपूर्वक देखा गया।

      कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार द्वारा उद्योग एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं, नीतियों एवं नवाचारों पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। साथ ही प्रदेश के सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए उद्यमिता की चुनौतियों एवं संभावनाओं पर प्रेरक विचार रखे, जिससे उपस्थित उद्यमियों को अपने व्यवसाय के विस्तार और नवाचार के लिए नई सोच एवं दिशा प्राप्त हुई।

      इस अवसर पर उद्योगपतियों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित कर सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों का सशक्त संदेश दिया गया। साथ ही लाभार्थी उद्यमियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके अनुभव एवं सुझाव भी साझा किए गए, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में सार्थक पहल हुई।

       जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर प्रताप सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक संतोष कुमारी सहित जैसलमेर जिले के अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।

Source: