जैसलमेर। प्रभारी सचिव एवं एमडी, राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड महावीर प्रसाद मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुँचना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घोषणाओं का त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक बिना विलंब पहुँचे।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी सचिव ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं के तहत भूमि आवंटन, उपलब्धता एवं चिन्हीकरण की स्थिति पर विस्तृत चर्चा कर इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि सरकार के विजन को समझते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने प्रस्तावों को समय पर मुख्यालय भेजने, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने तथा कार्यों में अनावश्यक विलंब से बचने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र पालीवाल को निर्देशित किया कि बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लंबित एवं अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं में उपयोग होने वाली मशीनरी एवं उपकरणों ( सोनोग्राफी मशीन, एक्स-रे मशीन इत्यादि) को नियमित रूप से दुरुस्त एवं कार्यशील बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो।
गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
जलदाय विभाग को निर्देशित करते हुए प्रभारी सचिव ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले में पेयजल की निर्बाध एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल संकट की संभावनाओं को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अग्रिम जल प्रबंधन किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महत्वपूर्ण परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि बालिका सैनिक स्कूल से संबंधित निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण है, अतः इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
शहरी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग जरूरी
नगर परिषद जैसलमेर एवं नगर पालिका पोकरण को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्राधिकार में चल रहे सभी अपूर्ण विकास कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि शहरी नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी सभी लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जाए एवं आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता एवं तत्परता सुनिश्चित कर प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत किया जाए।
प्रभारी सचिव ने स्पष्ट किया कि बजट घोषणाओं की सफल क्रियान्विति के लिए जिला एवं उपखंड स्तर पर बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिला कलक्टर को सभी कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने बैठक में भरोसा दिलाया कि सभी अधिकारी राज्य सरकार की मंशानुसार कार्य करते हुए बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को अपने स्तर पर सतत समीक्षा करने एवं कार्यों में गति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बजट घोषणाओं के तहत भूमि आवंटन एवं निर्माण पूर्व वैकल्पिक भवनों के चयन, विभिन्न विभागों की प्रगति, ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना, राइजिंग राजस्थान एमओयू की प्रगति, किसान पंजीयन शिविर सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।
Jaislmer news
बजट घोषणाओं के त्वरित क्रियान्वयन के दिए निर्देश
समयबद्धता, गुणवत्ता एवं समन्वय पर दिया विशेष जोर
Related stories
KOTA MILITARY STATION ORGANISES KOTA GANDIV MARATHON 1.0 AS PART OF GANDIV GOLDEN JUBILEE CELEBRATIONS
Jaipur: As part of the Gandiv Golden Jubilee Celebrations, Kota Military Station organised the Kota Gandiv Ma…
Diver Victory Presentation’ Brings History Alive at Vidya Bhawan Polytechnic’s Meljol Mela
Udaipur: The life and reign of Maharana Pratap offer an inspiring example of good governance, financial manag…
Maternal and Child Health, Nutrition Top Government Priorities: Kharadi
Udaipur: The three-day Angan Seva Milan programme, organised under the Viksit Bharat–Jan Seva Abhiyan, conclu…
EXERCISE TARANG SHAKTI 2026: POWER IN PARTNERSHIP
Following the inaugural ceremony held yesterday, the Indian Air Force (IAF) is set to commence the operationa…