जैसलमेर। जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में डेजर्ट क्लब के संचालन एवं उपयोग को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब से जिला खेल अधिकारी राकेश विश्नोई डेजर्ट क्लब के पदेन सचिव का कार्य देखेंगे। वे क्लब से संबंधित महत्वपूर्ण संचालन कार्यों के साथ-साथ आवश्यक निर्णयों की प्रक्रिया को भी देखेंगे।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि इस भूमि का उपयोग अब केवल खेल गतिविधियों के लिए ही किया जाएगा। खेल गतिविधियों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अन्य गतिविधि के आयोजन के लिए पूर्व में सक्षम स्तर से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डेजर्ट क्लब के समुचित विकास एवं बेहतर उपयोग के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। इस कार्ययोजना के आधार पर क्लब का सुव्यवस्थित मास्टर प्लान तैयार कर चरणबद्ध रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि इन निर्णयों से जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, यूआईटी सचिव सुखराम, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Source: