जैसलमेर। प्रभारी सचिव एवं एमडी, राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड महावीर प्रसाद मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं का त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

       कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा की गई एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्ष 2026-27 की घोषणाओं के तहत भूमि आवंटन, उपलब्धता एवं चिन्हीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

      उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लक्ष्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, जिससे योजनाओं का लाभ आमजन तक बिना विलंब पहुँचे।

      उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समय से पूर्व आवश्यक तैयारियां एवं कार्ययोजना बनाकर निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

       मीडिया के प्रश्नों के उत्तर में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुनकरों के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनके प्रोत्साहन हेतु विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बुनकर समितियों के पंजीयन, उत्पादों के विपणन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी साझा की।

    जैसलमेर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं टाउन हॉल के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इससे जिले के विकास को गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जैसलमेर एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई नवीन प्रावधान एवं घोषणाएं की गई हैं।

       उन्होंने “पंच गौरव” के अंतर्गत चयनित पीले पत्थर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने हेतु राज्य सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूती मिलेगी।

 

           इस अवसर पर जिला कलक्टर प्रताप सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित प्रमुख मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Source: