जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों, पथ विक्रेताओं एवं लोक कलाकारों के सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना लागू की गई है। बजट घोषणा 2024-25 के तहत प्रारंभ की गई इस योजना का उद्देश्य लाभार्थियों को वृद्धावस्था में आर्थिक संबल प्रदान करना एवं भविष्य की अनिश्चितताओं से राहत देना है।

         योजना के तहत 41 से 45 वर्ष आयुवर्ग के पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण ऑनलाइन माध्यम से विश्वकर्मा पेंशन पोर्टल के जरिए किया जा रहा है। जिन अभिदाताओं की मासिक आय 15,000 रूपये से कम है, उन्हें 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 3000 रूपये प्रतिमाह आजीवन पेंशन प्रदान की जाएगी। साथ ही, लाभार्थी के निधन के पश्चात मनोनीत व्यक्ति को 50 प्रतिशत पेंशन देय होगी। उल्लेखनीय है कि यह पेंशन मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन के अतिरिक्त होगी।

      योजना का संचालन राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग द्वारा किया जा रहा है एवं जिला स्तर पर पंजीकरण की प्रक्रिया संबंधित कार्यालयों के माध्यम से संपादित की जा रही है।

     इसी क्रम में जिले के पात्र लोक कलाकारों के अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए 25 मार्च, बुधवार को पर्यटक स्वागत केन्द्र, गड़ीसर झील के पास, जैसलमेर में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा।

      पात्र लोक कलाकार, जिनकी आयु 41 से 45 वर्ष (फरवरी 1981 से फरवरी 1985 के मध्य जन्म) है, वे अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे- जनाधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड नंबर, आधार कार्ड एवं बैंक खाते की पासबुक या कैंसिल चेक साथ लेकर शिविर में उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

      जिला प्रशासन ने सभी पात्र लोक कलाकारों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाने के लिए शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।

Source: