जैसलमेर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की बजट घोषणा के अनुरूप मल्टी सेक्टोरल कार्यक्रम के रूप में संचालित मिशन “हरियालो राजस्थान” के तहत प्रदेश में प्रतिवर्ष 10 करोड़ पौधे वितरित कर रोपित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जिले में मिशन “हरियालो राजस्थान” 2026-27 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

        बैठक में विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप जिला स्तरीय कार्य योजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों के चयन, चयनित स्थलों पर फेंसिंग, खड्डों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नर्सरियों से क्रय प्रक्रिया, समयबद्ध वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण-संधारण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

        जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें एवं वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दें, ताकि मिशन “हरियालो राजस्थान” को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस परिणाम प्राप्त हों।

जिले में पर्यावरण संरक्षण के लिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश

          जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा एवं चर्चा की गई।

         साथ ही माननीय राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के निर्देशों के आलोक में जिला पर्यावरण प्लान की प्रगति की समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

         जिला कलक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 

            इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, सदस्य सचिव उप वन संरक्षक जैसलमेर कुमार शुभम, सहायक जिला कलक्टर रोहित वर्मा, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, सहायक निदेशक पर्यटन कमलेश्वर सिंह, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: