जैसलमेर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार रविवार को राज्यव्यापी विशेष अभियान के तहत जिले में हैंडपंपों की व्यापक जांच एवं मरम्मत कार्य किया गया। इस अभियान के तहत प्रशासनिक एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों ने 43 गांवों एवं ढाणियों का सघन निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया एवं खराब पाए गए हैंडपंपों को मौके पर ही दुरुस्त कर पुनः चालू कराया।

          अधीक्षण अभियंता के.सी. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान जिला प्रशासन एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर हैंडपंपों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया, बल्कि ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जलापूर्ति से संबंधित फीडबैक भी प्राप्त किया।

         अभियान के तहत अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी एवं सहायक अभियंता द्वारा मिट्ठू सिंह की ढाणी, जगमाल सिंह, पूनमसिंह, नख्तसिंह एवं गेमरसिंह की ढाणी (महादेव नगर) का निरीक्षण किया गया, जहां सभी हैंडपंप सुचारू रूप से संचालित पाए गए। ग्रामीणों ने भी संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित है।

         इसी क्रम में अधीक्षण अभियंता द्वारा मालण बाई मंदिर बाकलसर, राजू सिंह, शिव मंदिर एवं महादेव नगर क्षेत्र में स्थित हैंडपंपों का निरीक्षण किया गया, जो सभी कार्यशील पाए गए। पोकरण क्षेत्र में अधिशाषी अभियंता द्वारा देरावर सिंह, गोरखराम, दीप सिंह की ढाणी (मोतीसर), पशु चिकित्सालय एवं बालिका विद्यालय परिसर के हैंडपंपों की जांच की गई, जहां भी सभी पंप चालू पाए गए।

        अन्य क्षेत्रों में भी सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं द्वारा व्यापक निरीक्षण किया गया, जिसमें विभिन्न ढाणियों एवं बस्तियों में हैंडपंपों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। जहां कहीं भी तकनीकी खराबी मिली, उसे तुरंत ठीक कर पेयजल आपूर्ति बहाल की गई।

        जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्थाओं को लेकर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होता रहे।

Source: