जैसलमेर। पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार जिले में 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य आमजन में पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस संबंध में उपवन संरक्षक, जैसलमेर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में संबंधित विभागीय अधिकारी समन्वित रूप से कार्य करते हुए कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
पृथ्वी दिवस के अवसर पर जिले भर में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्थानीय वृक्ष प्रजातियों के वृक्षारोपण कार्यक्रम, पर्यावरण विषयक प्रदर्शनियां एवं मेले प्रमुख रूप से शामिल हैं। साथ ही, गैर सरकारी संगठनों द्वारा प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य, गीत-संगीत जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
इसी क्रम में जिले के समस्त विद्यालयों में पर्यावरण मेलों के साथ निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, वाद-विवाद एवं व्याख्यान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के लिए विद्यालयों में पौधशालाओं की स्थापना जैसे नवाचारात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
Source: