श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत रामनगर के श्री श्याम चौक पर विजयादशमी का पर्व पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सिर्फ़ लकड़ी और पटाखों से बना रावण नहीं जलाया गया बल्कि समाज को खोखला कर रहे नशे के रावण को प्रतीकात्मक रूप से अग्नि के हवाले किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि असली रावण आज हमारे घरों में, हमारे समाज में और हमारे बच्चों की नसों में जहर बनकर बैठा है और वह है नशे का रावण। उन्होंने और रेड आर्ट्स थिएटर ग्रुप ने मार्मिक नाटक मंचन के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए नाटक ‘अर्थियों को उठाने से अच्छा है जिम्मेदारियाँ उठाएँ‘ ने हजारों लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। उपस्थितजनों ने हम नशे के खिलाफ खड़े होंगे, हम नशे का बहिष्कार करेंगे, हम श्रीगंगानगर को नशामुक्त बनाएंगे, का संकल्प लिया। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे जीवन में कभी भी नशे का सेवन नहीं करेंगे और नशामुक्त श्रीगंगानगर की दिशा में समाज के प्रहरी बनेंगे। आयोजन में श्री विकास शर्मा एवं श्री श्याम सेवा समिति का सहयोग रहा।

Source: