श्रीगंगानगर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के उद्देश्य से प्रारम्भ किये गये ग्रामीण सेवा शिविरों में अनेकों ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है तथा उनकी पुरानी समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
रायसिंहनगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कीकरवाली में शुक्रवार को आयोजित शिविर के दौरान एक ऐसे परिवार को आवासीय पट्टा मिला, जो वर्षों से पट्टा प्राप्त करने के इंतजार में था। शिविर स्थल पर गिरधारी पुत्र हरचंद ने आवेदन पत्र प्रस्तुत किया कि मैं अपने परिवार के साथ गाँव 60 आर बी आबादी मे वर्षों से निवास कर रहा हूँ लेकिन मुझे आज तक आवासीय पट्टा नहीं मिलने के कारण मुझे बैंक सुविधा इत्यादि नहीं मिल रही है। एसडीएम रायसिंहनगर ने प्रार्थी के प्रार्थना पत्र पर कार्यवाही करते हुए आवासीय पट्टा देने की कार्यवाही की गई तथा पट्टा जारी कर दिया गया। गिरधारी ने बताया कि जिस घर में मैं निवास कर रहा हूँ, आज मुझे उस स्थान का पूर्ण स्वामित्व मिल गया है, जिससे मेरा परिवार बहुत प्रसन्न है। पट्टा प्राप्त करने से मेरा परिवार भारत सरकार एवं राज्य सरकार का तहे दिल से आभारी है। 

Source: