श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत सीनियर सेकेंडरी स्कूल बगीचा में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के विरु़़द्ध नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं को एकजुट करके समाज को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि किस प्रकार नशा युवाओं के सपनों, परिवार की खुशियों और समाज की नींव को धीरे-धीरे खोखला कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा कोई शौक नहीं, यह मौत की ओर बढ़ता पहला कदम है। युवाओं ने नाटक के जरिए यह स्पष्ट किया कि यदि आज युवा पीढ़ी ने नशे के खिलाफ आवाज नहीं उठाई, तो आने वाला कल हमें कभी माफ नहीं करेगा।
नाटक में यह भी बताया गया कि नशे से लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं, बल्कि हर परिवार, हर शिक्षक और हर युवा की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह ने नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ ली। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
विद्यालय प्रधानाचार्य श्री मनीष कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के भीतर छिपी संवेदनाओं को जगाते हैं और उन्हें सही दिशा देने का काम करते हैं। पुलिस कांस्टेबल श्री प्रवीण कुमार ने मानस हेल्पलाइन 1933, साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के लिए युवाओं को जागरूक किया। 

Source: