उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के टूरिज्म चैप्टर की ओर से आज सोमवार, 26 अक्टूबर को शाम 4 बजे से मोमेंटम हॉस्पिटैलिटी कंसल्टेंट्स में वर्कप्लेस विजिट का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम बीसीआई टूरिज्म के वाइस प्रेसिडेंट एवं होस्ट कर्तव्य शुक्ला के कार्यस्थल पर आयोजित होगा। इसका उद्देश्य पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े व्यावसायिक सदस्यों के बीच नेटवर्किंग, अनुभवों के आदान-प्रदान और नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देना है।
बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि बीसीआई उद्यमियों और पेशेवरों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां आपसी संपर्क, सहयोग और व्यावसायिक नेटवर्क को मजबूत करने के साथ नए अवसरों की संभावनाएं विकसित की जाती हैं। वर्कप्लेस विजिट जैसे आयोजन सदस्यों को एक-दूसरे के कार्यक्षेत्र और कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर देते हैं।
बीसीआई टूरिज्म की प्रेसिडेंट डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने बताया कि पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग में नेटवर्किंग, नवाचार और आपसी सहयोग की अहम भूमिका है। ऐसे कार्यक्रम सदस्यों को अपने अनुभव साझा करने, नए विचारों पर चर्चा करने और भविष्य में व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं को तलाशने का अवसर प्रदान करते हैं।
बीसीआई टूरिज्म के वाइस प्रेसिडेंट एवं कार्यक्रम के होस्ट कर्तव्य शुक्ला ने बताया कि उदयपुर पर्यटन से जुड़ा शहर है। यहां पर पर्यटन उद्योग की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। ऐसे में हम प्रशासन और पर्यटन विभाग के साथ मिलकर उदयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्या कर सकते हैं? इस पर चर्चा करने का मौका मिलेगा।