उदयपुर, आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने रविवार को अपना संकल्प पत्र जारी किया। पार्टी ने मौजूदा भाजपा बोर्ड पर शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं की अनदेखी और माइक्रो लेवल प्लानिंग के अभाव में उदयपुर के विकास को प्रभावित करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि मेवाड़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान वाले उदयपुर को आधुनिक, विकसित, पर्यावरण अनुकूल और जन-केंद्रित शहर के रूप में विकसित करना उसका लक्ष्य है।

कांग्रेस ने ऐतिहासिक रिवरफ्रंट के पुनरुद्धार, शहर की झीलों के संरक्षण और उनके पानी को आधुनिक तकनीक आधारित प्लांटों से शुद्ध करने का वादा किया है। प्राचीन मंदिरों, बावड़ियों, घाटों और ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के लिए विशेष 'धरोहर संरक्षण कोष' बनाने की घोषणा की गई है। साथ ही करीब 4000 वर्ष पुरानी आहड़ सभ्यता और आयड़ नदी को अतिक्रमण एवं प्रदूषण से मुक्त कराने तथा अरावली क्षेत्र में अवैध कटाई और निर्माण पर रोक लगाने का संकल्प लिया गया है।

झीलों और पेयजल पर विशेष जोर

पिछोला, फतेहसागर, उदयसागर सहित शहर की सभी झीलों में गंदे पानी की आवक रोकने के लिए अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की बात कही गई है। बेड़च नदी और उदयसागर में प्रवाहित होने वाले गंदे पानी की नियमित निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने का भी वादा किया गया है।

कांग्रेस ने हर वार्ड में समान दबाव के साथ स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।

हर वार्ड में स्वास्थ्य क्लीनिक

स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कांग्रेस ने प्रत्येक वार्ड में निःशुल्क प्राथमिक जांच, परामर्श और दवाइयों की सुविधा वाले 'स्वास्थ्य क्लीनिक' खोलने का प्रस्ताव रखा है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए निगम स्तर पर विशेष चिकित्सा सहायता शिविर और सहायता डेस्क स्थापित करने की बात कही गई है।

गरीब परिवारों और श्रमिकों को रियायती दरों पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के साथ ही वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए घर-द्वार पर सत्यापन एवं निस्तारण शिविर लगाने का वादा किया गया है।

युवाओं और महिलाओं के लिए कौशल विकास

शिक्षा और रोजगार को लेकर कांग्रेस ने हर वार्ड में आधुनिक सुविधाओं एवं मुफ्त वाई-फाई से युक्त ई-लाइब्रेरी स्थापित करने का संकल्प लिया है। युवाओं और महिलाओं को कंप्यूटर, पर्यटन, हस्तशिल्प सहित विभिन्न क्षेत्रों में निशुल्क तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के लिए कौशल विकास केंद्र खोलने की घोषणा की गई है।

संकल्प पत्र में नगर निगम से जुड़े वर्षों से लंबित 272 विवादित प्लॉटों के मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करने तथा शहर में बंद पड़े सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार करने का भी वादा किया गया है। महिला सुरक्षा के लिए संवेदनशील स्थानों पर नाइट-विजन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

आवास और अग्निशमन व्यवस्था होगी मजबूत

कांग्रेस ने बेघर लोगों और लंबे समय से बसे पुराने निवासियों को आवासीय पट्टे देने, आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए 70 मीटर फ्री एयर स्पेस नियम लागू करने तथा शहर में नए फायर स्टेशन स्थापित करने का भरोसा दिलाया है।

प्रशासनिक सुविधा के लिए वार्डों का जोनवार विभाजन करने तथा भविष्य में उदयपुर को मेट्रो सिटी, पर्यटन केंद्र और वैश्विक स्तर की वेडिंग सिटी के रूप में विकसित करने की योजना भी संकल्प पत्र में शामिल है। ईस्टर्न इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने का भी दावा किया गया है।

फिल्म सिटी से नाइट फूड प्लाजा तक

कांग्रेस ने उदयपुर को फिल्म सिटी टाउनशिप के रूप में विकसित करने तथा राजीव गांधी पार्क को डिज्नीलैंड की तर्ज पर विश्वस्तरीय उद्यान के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा है। शहर को स्लम-फ्री बनाने, पुराने कब्जों का नियमितीकरण करने और रिंग रोड तथा सैटेलाइट टाउन के माध्यम से यातायात दबाव कम करने की योजना भी बताई गई है।

नाइट फूड प्लाजा विकसित कर उदयपुर की नाइट इकॉनोमी को बढ़ावा देने, मेवाड़ी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष आयोजन करने, नागरिकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा पॉलिसी लागू करने तथा यूडी टैक्स की तर्कसंगत समीक्षा करने का भी वादा किया गया है।

कांग्रेस ने संकल्प पत्र के माध्यम से उदयपुरवासियों से शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को बचाने के लिए सामूहिक रूप से आगे आने की अपील की। पार्टी ने कहा कि उसका उद्देश्य एक ऐसे उदयपुर का निर्माण करना है जो आधुनिक विकास के साथ अपनी विरासत और प्राकृतिक पहचान को भी सुरक्षित रखे।

संकल्प पत्र रघुवीर सिंह मीणा, अध्यक्ष, देहात उदयपुर जिला कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व सांसद; ताराचंद मीणा, पूर्व जिला कलेक्टर एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी; पंकज कुमार शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रवक्ता; फतह सिंह राठौड़, अध्यक्ष, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी; प्रो. पी.आर. व्यास, चेयरमैन, कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी, उदयपुर; तथा कांग्रेस विचार विभाग के सदस्य प्रो. दरियाव सिंह चुंडावत और प्रो. महेश शर्मा की ओर से जारी किया गया।

इस अवसर पर फीरोज अहमद शेख, दिनेश दवे सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।