जम्मू। जम्मू मंडल के इतिहास में पहली बार मंडल में सीमेंट की लोडिंग सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई।
यह जम्मू मंडल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जब मंडल ने अपने ही एक स्टेशन से अपने ही दूसरे स्टेशन तक सीमेंट भेजकर आंतरिक माल यातायात का नया अध्याय शुरू किया है।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बाया कि मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के अथक प्रयासों से दिनांक 14 सितंबर 2026 को शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से अनंतनाग गुड्स शेड के लिए सीमेंट की पहली खेप रवाना की गई।
इस खेप में 01 बीसीएन वैगन में लगभग 66 टन वजन के लगभग 1320 बैग सीमेंट लोड किए गए हैं। यह खेप गणपति सीमेंट, कठुआ द्वारा बुक की गई है।
यह पहली बार है कि जम्मू मंडल ने इंटरनली अपने ही मंडल के अंदर सीमेंट जैसा नया ट्रैफिक मूव किया है, इससे पहले इस प्रकार की सामग्री सड़क मार्ग से घाटी में भेजी जाती थी।
यह सफलता जम्मू मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के लिए एक बड़े बूस्टर के रूप में है।
यह नया ओ-डी पेयर कश्मीर घाटी में निर्माण सामग्री की किफायती, सुरक्षित और तेज आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, जिससे रेलवे के माल राजस्व में वृद्धि होगी और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में रेल माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित हुआ है।
पूर्व में शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन, कठुआ एवं अनंतनाग जैसे प्रमुख रेल परिसरों में सीमेंट केवल इनवर्ड (बाहर से आवक) के रूप में प्राप्त होता था।
जम्मू मंडल के निरंतर प्रयासों और सुदृढ़ लॉजिस्टिक्स के फलस्वरूप पहली बार यहां से सीमेंट का आउटवर्ड लदान सफलतापूर्वक प्रारंभ किया गया है।
यह अभूतपूर्व शुरुआत स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि जम्मू-कश्मीर का उद्योग जगत भारतीय रेलवे पर गहरा भरोसा प्रकट कर रहा है और स्थानीय उद्योग अब रेल नेटवर्क से सक्रिय रूप से जुड़कर क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति दे रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में जम्मू मंडल का प्रयास है कि इस नीति के तहत और भी व्यापारी वर्ग व संगठनों को रेलवे से जोड़ा जाए, जिसके तहत रेलवे को व्यापारियों के लिए अधिक किफायती, भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन का विकल्प बनाया जा सके।