उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के डेयरी और खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (सीडीएफटी) में हिन्दी दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

अधिष्ठाता डॉ. सिद्धार्थ मिश्रा ने समस्त सीडीएफटी परिवार और विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए हिन्दी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिन्दी हमारी संस्कृति और एकता की भाषा है। डॉ. निकिता वधावन ने अपने उद्बोधन में दैनिक जीवन और शैक्षणिक कार्यों में हिन्दी भाषा के उपयोग पर अपने विचार व्यक्त किए।

महाविद्यालय में हिन्दी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कविता वाचन और निबंध लेखन प्रतियोगिता शामिल रही। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सिद्धार्थ मिश्रा, ADSW ई. कुसुम मेघवाल, डॉ. निकिता वधावन सहित समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ADSW ई. कुसुम मेघवाल ने हिन्दी दिवस समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।