उदयपुर। हलवाई व्यापार कल्याण संस्था उदयपुर राजस्थान रजिस्टर्ड की ओर से 15 सितम्बर 2026 को शाम 4 बजे अशोका ग्रीन में हलवाई सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हलवाई व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, समारोह के बाद संस्था की ओर से सभी हलवाई व्यापारियों के लिए धार्मिक एवं सामाजिक भ्रमण का भी आयोजन किया गया है।

इसके तहत 27 सितम्बर, रविवार को सभी हलवाई व्यापारियों को मावली स्थित गौशाला, शनि महाराज, आवरी माताजी एवं सांवलियाजी मंदिर के दर्शन के लिए ले जाया जाएगा।संस्था के संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट ने बताया कि 15 सितम्बर को आयोजित सम्मान समारोह में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य अतिथि होंगे।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, उदयपुर जिला कलेक्टर आईएएस गौरव अग्रवाल, उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन एवं समाजसेवी नरेन्द्र पालीवाल उपस्थित रहेंगे।समारोह की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट करेंगे।

अतिथियों का स्वागत संस्थापक अध्यक्ष हरीश कुमार भट्ट, महामंत्री मुकेश माधवानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवीसिंह सिसोदिया, कोषाध्यक्ष राजेश दया, संगठन मंत्री प्रकाश भट्ट, प्रचार-प्रसार मंत्री रतनदास वैष्णव एवं बालाजी अन्ना द्वारा किया जाएगा।संस्था के महामंत्री मुकेश माधवानी ने बताया कि समारोह में हलवाई व्यापार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यापारियों का सम्मान किया जाएगा।

समारोह के पश्चात भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। साथ ही, संस्था से जुड़ने के इच्छुक हलवाई व्यापारियों के लिए कार्यक्रम स्थल पर रजिस्ट्रेशन डेस्क की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जहां वे संस्था की सदस्यता के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से 27 सितम्बर, रविवार को हलवाई व्यापारियों के लिए विशेष भ्रमण एवं धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया है।

इसमें सभी हलवाई व्यापारियों को मावली स्थित गौशाला ले जाया जाएगा, जहां गौसेवा एवं गौदर्शन के बाद सांवलियाजी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

संस्था का उद्देश्य व्यापारियों को आपसी मेलजोल, सामाजिक जुड़ाव और धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए एक साथ समय बिताने का अवसर प्रदान करना है।संस्था की ओर से सभी हलवाई व्यापारियों से सम्मान समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने तथा 27 सितम्बर की शनि महाराज, आवरी माताजी एवं सांवलियाजी मंदिर दर्शन यात्रा में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है।