उदयपुर। राजस्थान नायर सेवा समाज, उदयपुर द्वारा रविवार, 13 सितम्बर 2026 को अमृता भवन, सेक्टर-4 में ओणम उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के साथ केरल की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिलेगी।
ओणम के इस विशेष समारोह में पारंपरिक ओणम साध्या, केरल के पारंपरिक सांस्कृतिक एवं नृत्य कार्यक्रम, मनोरंजक प्रस्तुतियां तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम भी होगा। समारोह में समाज के सदस्य एवं उनके परिवारजन उत्साहपूर्वक भाग लेकर ओणम पर्व की खुशियां साझा करेंगे।
ओणम केरल का प्रमुख पारंपरिक पर्व है, जो समृद्धि, खुशहाली, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है। इसी भावना के साथ राजस्थान नायर सेवा समाज द्वारा उदयपुर में इस आयोजन के माध्यम से केरल की सांस्कृतिक विरासत को मेवाड़ की धरती पर जीवंत किया जाएगा।
कार्यक्रम में गीतांजली हॉस्पिटल की भी सहभागिता रहेगी। हॉस्पिटल की ओर से समाज के सदस्यों के साथ संवाद किया जाएगा तथा गीतांजली हॉस्पिटल में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी साझा की जाएगी।
समारोह के दौरान राजस्थान नायर सेवा समाज एवं गीतांजली हॉस्पिटल के बीच सेवा सहयोग के तहत टाई-अप भी किया जाएगा। इसके अंतर्गत समाज के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विशेष सुविधाओं एवं रियायत की जानकारी साझा की जाएगी।
ओणम उत्सव के माध्यम से उदयपुर में केरल की संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकता और भाईचारे का उत्सव देखने को मिलेगा। राजस्थान नायर सेवा समाज द्वारा आयोजित यह समारोह सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक सौहार्द की भावना को और मजबूत करेगा।