गांधीनगर (देहगाम)। केंद्रीय हिंदी संस्थान तथा एम.बी. कॉलेज ऑफ कॉमर्स एवं श्री जी.एम.एन. लालजी आर्ट्स कॉलेज, गांधीनगर-देहगाम के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं काव्या, किंजल एवं चेतना द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किए जाने के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार ने हिंदी भाषा की वर्तमान स्थिति, उसकी व्यापकता तथा समकालीन परिप्रेक्ष्य में हिंदी के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेश भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी भावाभिव्यक्ति की सहज एवं सरल भाषा है, जो समाज के विभिन्न वर्गों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. रवि अमीन ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल देश का गौरव ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति निरंतर रुचि विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. प्रेरणा गौड़ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने हिंदी को व्यापक जनसमुदाय के मध्य संपर्क एवं संवाद की प्रभावी भाषा बताते हुए कहा कि हिंदी लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करती है तथा हमें अपनी भाषा के प्रति गौरव की भावना रखनी चाहिए।
आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर हिंदी भाषा के प्रति अपनी अभिरुचि, रचनात्मक क्षमता एवं विचार-अभिव्यक्ति का परिचय दिया।