उदयपुर। विगत 16 वर्षों से साहित्य और संगीत की निःशुल्क सेवा में सक्रिय शायराना उदयपुर परिवार की ओर से मासिक साहित्य-संगीत समारोह का आयोजन रविवार, 30 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे ऐश्वर्या कॉलेज ऑडिटोरियम में किया जाएगा। समारोह में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
कार्यक्रम प्रभारी साहित्यकार आभा सिरसीकर ने बताया कि समारोह में उदयपुर सहित राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नाथद्वारा, प्रतापगढ़, खेरवाड़ा, डूंगरपुर और सिरोही सहित विभिन्न जिलों के साहित्यकार एवं संगीतकार भाग लेंगे। स्थानीय कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर के कवि और संगीतकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
संगीत प्रतियोगिता में पार्श्व गायन, सुगम संगीत, लोक गायन, गजल, ठुमरी, भक्ति गीत, राजस्थानी गीत, फिल्मी गीत, पैरोडी, देशभक्ति गीत तथा वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं कवि हिंदी, राजस्थानी और अन्य भाषाओं में वीर, श्रृंगार, विरह सहित विभिन्न रसों की रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के चयन के बाद प्रतिभावान कवियों एवं संगीतकारों को सम्मानित किया जाएगा। इस बार सावन, रक्षाबंधन, दोस्ती, प्रेम, समर्पण और देशभक्ति जैसे विषयों पर गीत एवं रचनाएं प्रस्तुत की जा सकती हैं। हालांकि प्रतिभागी अपनी पसंद के विषय पर भी प्रस्तुति दे सकेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 28 अगस्त तक मोबाइल नंबर +91 97724 53735 पर अपना नाम, रचना और जिला लिखकर पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर आधार कार्ड के आधार पर प्रवेश निःशुल्क रहेगा।