उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर एलीट की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राणवाड़ी, भुवाणा में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सबमर्सिबल पंप, ओवरहेड टैंक एवं पेयजल स्टेशन स्थापित करवाया गया।

इन सुविधाओं का लोकार्पण मुख्य अतिथि राजस्थान माइनिंग एंड मिनरल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर मदन मोहन यादव ने किया।

इस पहल से विद्यालय में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।क्लब अध्यक्ष रमेश मोदी ने बताया कि विद्यालय में पेयजल सुविधाओं से संबंधित सभी कार्य राजस्थान माइनिंग एंड मिनरल्स के सौजन्य से करवाए गए हैं।

मदन मोहन यादव इससे पूर्व भी विद्यालय को 100 विकसित वृक्ष भेंट कर चुके हैं, जिन्हें क्लब की ओर से विद्यालय परिसर में लगाया गया था। इन पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई के लिए क्लब सदस्य हितेश गांधी ने 300 फीट पाइप की व्यवस्था की है।

इससे विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाए रखने में मदद मिलेगी।दीपावली के शुभ अवसर पर मदन मोहन यादव की ओर से विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को गर्मागर्म भोजन करवाया गया।

साथ ही बच्चों को कलरिंग बुक और कलर पेंसिल बॉक्स वितरित किए गए।

इस पहल से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।क्लब सचिव अनिता जैन ने बताया कि कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट दीपक सुखाड़िया, असिस्टेंट गवर्नर संगीता मूंदड़ा, रॉकवुड्स स्कूल के डायरेक्टर अनिल शर्मा, वार्ड 71 के पार्षद योगेश कुमावत, समाजसेवी दिनेश टांक तथा भुवाणा के पीईईओ मनीष सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस दौरान अतिथियों ने रोटरी क्लब एलीट की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं की दीवारों पर कलाकारों से बनवाए गए बड़े आकार के 20 शैक्षणिक चार्ट भी देखे।

इन चार्ट्स के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई को रोचक और सरल तरीके से समझने में मदद मिल रही है।कार्यक्रम में प्रोजेक्ट डायरेक्टर पलाश वैश्य एवं अक्षय जैन तथा क्लब सदस्य नीतीश सेवरिया, डॉ. प्रियंका चोरड़िया सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

रोटरी क्लब एलीट की इस पहल ने शिक्षा, स्वच्छ पेयजल और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।