उदयपुर । 1 राज नेवल यूनिट एनसीसी की ओर से आयोजित 10 दिवसीय सेलिंग एक्सपीडिशन कैंप के अंतर्गत कैडेट्स के लिए महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से संबंधित एक विशेष जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।

इस जागरूकता अभियान में उदयपुर, जयपुर एवं अजमेर के कुल 110 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कमांडिंग ऑफिसर कमांडर ब्रजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस अवसर पर उदयपुर जिला पुलिस की उप अधीक्षक एवं सीओ (ईस्ट) छवि शर्मा ने अतिथि व्याख्यान के माध्यम से कैडेट्स को पॉश (पीओएसएच) एक्ट (कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम) एवं पॉक्सो (पीओसीएसओ) एक्ट (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि पॉश एक्ट के तहत कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न को रोकने, शिकायत दर्ज कराने एवं पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए कड़े कानूनी प्रावधान किए गए हैं।

वहीं, पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण प्रदान किया जाता है।

उन्होंने दोनों कानूनों के अंतर्गत आने वाले अपराधों एवं उनमें निर्धारित कानूनी सजा के प्रावधानों के बारे में भी कैडेट्स को विस्तार से जानकारी दी।व्याख्यान के दौरान उप अधीक्षक छवि शर्मा ने कैडेट्स को जागरूक रहते हुए किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार की पहचान करने, ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज नहीं करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।

साथ ही, उन्होंने सुरक्षित व्यवहार, व्यक्तिगत सीमाओं एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से समझाया।इस अवसर पर यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर ब्रजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सेलिंग एक्सपीडिशन कैंप का उद्देश्य केवल कैडेट्स को नौकायन एवं साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक, कानूनी एवं नैतिक रूप से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।