उदयपुर। नारी शक्ति को सम्मान देने, महिला प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने और महिला उद्यमियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वेडस्पार्क एवं बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में ‘वुमन बिजनेस आइकॉन्स – सीजन 1’ का आयोजन 4 दिसंबर 2026 को अशोका ग्रीन, उदयपुर में किया जाएगा।

‘ऑनरिंग विजन, इंस्पायरिंग जनरेशन्स’ की थीम पर आधारित यह आयोजन महिला नेतृत्व, उद्यमशीलता, संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायी कहानियों को सम्मानित करने के लिए एक विशेष मंच प्रदान करेगा।

बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि महिलाओं ने अपने परिश्रम, प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

‘वुमन बिजनेस आइकॉन्स’ के माध्यम से ऐसी महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने अपने सपनों को साकार करते हुए समाज और व्यवसाय जगत में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने के साथ ही अन्य महिलाओं को भी अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।

वेडस्पार्क के चैयरमेन डॉ. राजकमल ने बताया कि उद्योग एवं व्यवसाय जगत में अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन से नाम और पहचान बनाने वाली महिला उद्यमियों को सम्मानित करना हमारे लिए गौरव का क्षण है। यह आयोजन केवल महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि एक ऐसा संदेश भी है कि समाज में ऐसे मंच मौजूद हैं, जो महिलाओं को आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने और नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस आयोजन के माध्यम से उद्योग एवं व्यवसाय जगत में अपनी पहचान स्थापित करने वाली महिला उद्यमियों की सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा। महिला उद्यमियों के नामांकन शीघ्र ही प्रारंभ किए जाएंगे। यह पहल महिलाओं की उपलब्धियों को उचित सम्मान एवं पहचान दिलाने तथा आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।