उदयपुर। कुलगुरु प्रो. प्रताप सिंह से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) में आज एक सप्ताह तक चलने वाले पार्थेनियम (गाजर) घास उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान विश्वविद्यालय के सभी संघटक महाविद्यालयों में आयोजित किया जाएगा।
छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे ने बताया कि अभियान की शुरुआत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यालय एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर से की गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. दवे ने विद्यार्थियों को पार्थेनियम घास के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यह खरपतवार न केवल फसलों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इसके संपर्क में आने वाले तथा इसके आसपास कार्य करने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
इस अभियान में लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को पार्थेनियम घास को पूरी तरह हटाने के लिए प्लास्टिक के दस्ताने और मास्क उपलब्ध करवाए गए, ताकि वे सुरक्षित रूप से उन्मूलन कार्य कर सकें।
डॉ. दवे ने बताया कि पूरे सप्ताह विश्वविद्यालय के अन्य सभी संघटक महाविद्यालयों में भी पार्थेनियम घास उन्मूलन के लिए इसी प्रकार के अभियान आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विद्यार्थी एवं विश्वविद्यालय के कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ श्री विवेक मीणा, श्री सोम शेखर व्यास, डॉ. केवल चंद, श्री जमना शंकर एवं श्री गणेश ने भी सहभागिता की।