कोटा। गंभीर साइबर अपराध के आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर कोटा जीआरपी के उप अधीक्षक पुलिस शकील अहमद को आंध्र प्रदेश पुलिस की ओर से प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है। वाईएसआर कडपा जिला पुलिस अधीक्षक शेल्के नचिकेत विश्वनाथ, आईपीएस ने 19 मई 2026 को जारी प्रशंसा पत्र में उनके कार्य और सहयोग की विशेष सराहना की है।

आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडपा जिले के प्रोड्डाटूर III टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज गंभीर साइबर अपराध के मामले में आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के दौरान डीएसपी शकील अहमद ने कडपा पुलिस को आवश्यक सहयोग, प्रभावी समन्वय और पेशेवर सहायता उपलब्ध कराई।

कडपा एसपी ने प्रशंसा पत्र में उल्लेख किया कि शकील अहमद के समय पर किए गए प्रयासों और प्रभावी सहयोग से आरोपी का पता लगाने तथा उसे गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण मदद मिली। साथ ही, अंतरराज्यीय स्तर पर दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही।

प्रशंसा पत्र में कडपा जिला पुलिस की ओर से उनकी सेवाओं की विशेष सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार ईमानदारी, उत्साह और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की कामना की गई।

डीएसपी शकील अहमद को मिली यह प्रशंसा साइबर अपराध की जांच में अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय और त्वरित कार्रवाई की अहमियत को भी रेखांकित करती है। दूसरे राज्य की पुलिस द्वारा कोटा जीआरपी अधिकारी के कार्य की सराहना किया जाना कोटा जीआरपी और पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय है।