जैसलमेर । पोकरण नगरपालिका के 25 वार्ड सदस्यों के लिए मतदान शुक्रवार, 11 सितम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ( कलक्टर) अनुपमा जोरवाल ने पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को निर्देश दिये कि मतदान के दिवस स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से मतदान समपन्न कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

इसलिए वे राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरक्षः की पालना करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को समपन्न करायेगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अनुभवी है एवं अपने अनुभव का प्रयोग करते हुए मतदान को शान्तिपूर्ण ढंग से समपन्न करायेगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने गुरूवार को एसबीके राजकीय महाविद्यालय में पोकरण के 25 वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए नियुक्त पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को संबोधित करते हुए यह निर्देश दिये एवं साथ ही कहा कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को गंभीरता के साथ कराये एवं चुनाव कार्य में पूरी सावधानी बरते।

इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी परसाराम सैनी, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम पोकरण हीर सिंह चारण सहित एरिया मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, एवं पीठासीन व मतदान अधिकारी उपस्थित थे।

आत्मविश्वास के साथ करे निर्वाचन का कार्य उन्होंने कहा कि मतदान दल किसी भी स्तर पर अतिआत्मविश्वास में न रहें और न ही किसी प्रकार का संशय रखें। सभी नियमों एवं प्रक्रियाओं का भलीभांति अध्ययन कर उन्हें आत्मसात करें। किसी भी स्थिति में कठिनाई अथवा शंका होने पर तत्काल संबंधित उच्चाधिकारी से मार्गदर्शन लेकर समाधान प्राप्त करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान दिवस पर समय की पाबंदी, आपसी समन्वय, सतर्कता और नियमों की पालना पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों का आह्वान किया कि वे निर्वाचन को सफल बनाने में अपनी भूमिका को पूरी जिम्मेदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाएं।

निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना सभी की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन की सफलता केवल मतदान सम्पन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक चरण को निर्धारित नियमों, समयसीमा और पारदर्शिता के साथ पूरा करना जरूरी है। उन्होंने बेहतर प्रशिक्षण एवं निर्वाचन संबंधी विस्तृत निर्देशिका तैयार करने के लिए जैसलमेर की निर्वाचन टीम की सराहना भी की।

मतदान प्रक्रिया का सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण अंतिम प्रशिक्षण में मतदान दलों को मतदान दिवस से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं का सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। मतदान प्रक्रिया, मतदान सामग्री के उपयोग, निर्धारित प्रोटोकॉल तथा निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान की गई।

दक्ष प्रशिक्षक रामाराम ने पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों मतदान के दिवस विशेष ध्यान रखने वाली बातों के बारे में विस्तार से जानकारी दी वही उन्होेंने वास्तविक मतदान से पूर्व करवाये जाने वाले मॉक पॉल प्रक्रिया एवं निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी ने किया।

मतदान अधिकारी अपना व्यवहार निष्पक्ष रखे उप जिला निर्वाचन अधिकारी ( एडीएम ) परसाराम सैनी ने पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को कहा कि वे राज्य निर्वाचन के अधीन प्रतिनियुक्ति पर है इसलिए मतदान दिवस को अपना व्यवहार पूर्ण रूप से निष्पक्ष रखे एवं लोगों को भी उनका व्यवहार निष्पक्ष रूप से झलकना चाहिए। उन्होंने मतदान के दिवस विशेष ध्यान रखने वाली बातों एवं तैयार की जाने वाले सूचनाओं की भी जानकारी दी।

मतदान केन्द्रों की ओर रवाना हुए दल, आज रात केन्द्रों पर रहेंगे मुस्तैद अंतिम प्रशिक्षण एवं मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही नगरपालिका पोकरण के 25 वार्डों में 11 सितम्बर को होने वाले मतदान की अंतिम तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।