उदयपुर । एमपीयूएटी के सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय के खाद्य विज्ञान एवं पोषण विभाग द्वारा वर्तमान खाद्य प्रसंस्करण एवं प्रौद्योगिकी विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कलड़वास स्थित सी.पी. एग्रो एंटरप्राइजेज के कोल्ड ड्रिंक निर्माण संयंत्र का दौरा किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कोल्ड ड्रिंक के औद्योगिक उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
उन्होंने बोतल निर्माण, पेय पदार्थ तैयार करने, बोतल भरने, सीलिंग, लेबलिंग, पैकेजिंग तथा तैयार उत्पाद के भंडारण जैसी प्रक्रियाओं को विस्तार से समझा।
इससे विद्यार्थियों को कक्षा में अध्ययन की गई खाद्य प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग तकनीकों के व्यावहारिक पक्ष को समझने का अवसर मिला।
सी.पी. एग्रो इंटरप्राइजेज के संचालक सी.पी. सर ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें संयंत्र की विभिन्न इकाइयों एवं मशीनरी की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, पैकेजिंग तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण एवं स्वच्छता मानकों के महत्व की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
यह औद्योगिक भ्रमण फूड साइंस एंड न्यूट्रिशन विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू मोगरा एवं डॉ. खुशबू गुर्जर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। भ्रमण में विभाग के 30 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
औद्योगिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने खाद्य एवं पेय पदार्थों के औद्योगिक स्तर पर उत्पादन में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों को नजदीक से समझा।
इस अवसर ने विद्यार्थियों के तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की कार्यप्रणाली से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।