कोटा में इन दिनों आर्थिक लेन-देन से जुड़े विवादों में एक चिंताजनक प्रवृत्ति सामने आ रही है। उधारी, शेयर पार्टनरशिप, कारोबार में निवेश और चेक के जरिए मुनाफे का लालच देकर लोगों से बड़ी रकम लेने तथा बाद में रकम लौटाने में आनाकानी करने की शिकायतें लगातार सामने आने का दावा किया जा रहा है। ऐसे मामलों में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
बताया जाता है कि कुछ लोग ऐसे व्यक्तियों को निशाना बनाते हैं, जिनके पास अचानक बड़ी रकम आई हो—जैसे पेंशनधारी, संपत्ति बेचने या खरीद-फरोख्त से रकम प्राप्त करने वाले अथवा किसी अन्य कारण से एकमुश्त राशि पाने वाले लोग। इन्हें बिना मेहनत के रकम पर अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता है।
शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए खूब मेलजोल बढ़ाया जाता है। दावतें होती हैं, अपनापन दिखाया जाता है और भरोसा पैदा करने के लिए चेक भी दिए जाते हैं। कई मामलों में शुरुआती कुछ महीनों तक बिना मांगे ब्याज अथवा मुनाफे की रकम भी दी जाती है। इससे सामने वाले व्यक्ति का विश्वास और मजबूत हो जाता है और वह बड़ी रकम देने के लिए तैयार हो जाता है।
इसके बाद कथित तौर पर असली परेशानी शुरू होती है। भुगतान में देरी, तरह-तरह के बहाने, कारोबार में घाटे की कहानियां और लगातार टालमटोल का सिलसिला शुरू हो जाता है। रकम मांगने पर कई पीड़ितों को कथित रूप से धमकियों और दबाव का भी सामना करना पड़ता है। स्थिति यहां तक पहुंच जाती है कि अपनी ही मेहनत की कमाई वापस लेने के लिए रकम देने वाला व्यक्ति बार-बार चक्कर लगाने को मजबूर हो जाता है।
ऐसे मामलों में कोई अदालत का दरवाजा खटखटाता है तो कोई लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए मजबूरी में कम रकम लेकर समझौता कर लेता है। कई मामलों में वर्षों तक मुकदमों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि प्रत्येक मामले के तथ्य अलग होते हैं और किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने से पहले उसके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया का इंतजार जरूरी है।
थोड़े मुनाफे के लालच में लाखों रुपये दांव पर न लगाएं सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कोई व्यक्ति बिना पर्याप्त सुरक्षा के लाखों रुपये किसी दूसरे को सौंपता है तो केवल भरोसे और अच्छे मुनाफे के लालच पर इतना बड़ा आर्थिक जोखिम क्यों लिया जाए?
यदि कोई व्यक्ति निवेश, उधारी या कारोबार के नाम पर बड़ी रकम मांग रहा है तो उसकी आर्थिक क्षमता, कारोबार, दस्तावेज, लेन-देन का उद्देश्य और रकम लौटाने की कानूनी सुरक्षा की पूरी जांच करें। केवल परिचय, रिश्तेदारी, दोस्ती या शुरुआती ब्याज मिलने को रकम सुरक्षित होने की गारंटी न समझें।
जो लोग ऐसे मामलों में फंस चुके हैं, वे घबराने के बजाय अपने दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, चेक, भुगतान की रसीदें, व्हाट्सऐप चैट और अन्य उपलब्ध साक्ष्य सुरक्षित रखें तथा किसी अनुभवी अधिवक्ता से कानूनी सलाह लें।
सावधान रहें—थोड़े से मुनाफे के लालच में अपनी जीवनभर की कमाई गंवाने से बचें।